झारखंड के पाकुड़ जिले में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। साहिबगंज से दुमका जा रही बस लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा रोड पर पडेरकोला के पास गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक से टकरा गई। बस में 50 से ज्यादा लोगों के सवार होने की जानकारी मिली है। इसमें करीब 31 लोग घायल हैं। मिली जानकारी के मुताबिक 15 शव बरामद किए गए हैं। इसमें 12 की पहचान हो चुकी है। बस के अंदर से लोगों को निकालने का काम करीब 3 घंटे में पूरा हुआ।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ही गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। कई लोग बस के बाहर आकर गिर गए। बस में बैठे लोग कई लोग अंदर ही फंस गए। बस की बॉडी काटकर लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि बस का ड्राइवर अब तक जिंदा है। वह बस में ही फंसा हुआ था। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटना में मरने वाले लोगो की संख्या बढ़ने की आशंका है। गंभीर रूप से घायल 29 लोगों को रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कृष्णा रजत बस और LPG सिलेंडर्स से भरे ट्रक में हुई टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही सबसे पहले स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस के पहुंचने से पहले ही वे राहत और बचाव के कार्य में जुट गए। दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
दुर्घटना में इनकी हुई मृत्यु
नमिता देवी देवघर, निर्मल रतनपुर, विमला देवी दुमका, संजय साह दुमका,शहाबुद्दीन अंसारी लिट्टीपाड़ा,अमती रजवार पश्चिम बंगाल, द्रोनाथ हेम्ब्रम अमलपाड़ा, सुकांम करेकर बंगाली पाड़ा, साँग देवी साहिबगंज, मेलीशीत साहिबंगज, राकेश मंडल साहिबंगज, बबलु टुडू जिगती सहित कुल 15 लोग।
ये हुए घायल
सुनीता कुमारी, बासमती हेम्ब्रम, विक्रम दास, सुरेंद्र यादव, कुंजला सेना, मेघनाथ रजवार, मंगल टुडू, राजेश चौबे, विकास साह, खीटी हेम्ब्रम, जोयन हांसदा, रामचंद्र साह, रामरजन मंडल, बडका मरांडी, अर्जुन बाकी, मुन्ना साह ऋषिदेव मंडल, इबरान नदान, विकास मरांडी, विनोद कुमार, कंचन घोष, सनोज कुमार, रोकी कुमार मंडल, मिथुन बाकनी, विष्पु बाकनी सहित 31 लोग।
दुर्घटना की जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारियों की माने तो ऐसा लग रहा है कि कोहरे के कारण यह हादसा हुआ है। ट्रक चालक को सामने आती हुई बस नहीं दिखी। उसने सीधे बस में टक्कर मार दी। जिस समय यह हादसा हुआ उस समय में बस में बैठे काफी लोग सो रहे थे। इस कारण किसी को संभलने तक का समय नहीं मिला।
शवों की पहचान करने में आ रही परेशानियों को देखते हुए पुलिस की ओर से 4 सदस्यीय टीम गठित की गई है। यह टीम दुर्घटना में घायल लोगों की मदद से मरने वालों की पहचान करने में जुटे हैंं। बताया जा रहा है कि मरने वाले लोगों में से कई के पास किसी तरह के दस्तावेज नहीं होने के कारण परेशानी आ रही है।
पाकुड़ में हुए सड़क दुर्घटना पर CM हेमंत सोरेन ने दु:ख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है-“पाकुड़ से लिट्टीपाड़ा-आमड़ापाड़ा सड़क दुर्घटना की हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।’ CM ने जिला प्रशासन को घायलों को समुचित इलाज प्रदान करने हेतु उचित निर्देश दिए गए हैं।
पाकुड़ से लिट्टीपाड़ा-आमड़ापाड़ा सड़क दुर्घटना की हृदयविदारक खबर से मन अत्यंत व्यथित है।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) January 5, 2022
परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे।
जिला प्रशासन को घायलों को समुचित इलाज प्रदान करने हेतु उचित निर्देश दिए गए हैं।
पाकुड़ के उपायुक्त वरूण रंजन ने दुर्घटना पर दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मरने वाले लोगों के साथ जिला प्रशासन की गहरी संवेदना है। मरने वाले लोगों के परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। इसके अलावा घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का प्रबंधन किया जा रहा है। दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। राहत व बचाव कार्य जारी है।
