हरियाणा के गह मंत्री अनिल विज ने बुधवार को बड़ा एक्शन लेते हुए शाहबाद पुलिस स्टेशन में छापा मारा और थाने के 1 इंस्पेक्टर,1 सब इंस्पेक्टर और एएसआई को सस्पेंड कर दिया। थाने की खामियां देख अनिल विज ने एसएचओ को कहा कुछ और काम ढूंढ लो और इसके बाद अधिकारी को सस्पेंड कर दिया। बता दें कि हरियाणा के शाहबाद में गृह मंत्री अनिल विज की ये कारवाई लगभग दो घंटे तक चली।
गृह मंत्री अनिल विज के थाने में औचक निरीक्षण पर थाने में हड़कंप मच गया। थाना में पहुंचते ही गृह मंत्री अनिल विज ने पेंडिंग शिकायतों को लेकर एक-एक करके उनके बारे में जांच अधिकारी से जवाब तलबी की। मंत्री ने पुलिस कर्मियों को फटकार लगाते हुए कहा कि लोग सारा दिन इंसाफ के धक्के खाते रहते है। तुम शिकायतें रखकर बैठे हो।
निरीक्षण के दौरान अनिज विज ने थाना में रखी अलमारियों में रखी फाइलों की बारिकी से जांच की। इस दौरान अनिज विज ने शिकायतों पर थाना के एसएचओ प्रेम सिंह से पूछा कि शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई है। 15 जनवरी 2021 में दर्ज मामले में नामजद व्यक्ति को अभी तक भी न पकड़ने पर गृह मंत्री ने एसएचओ को लताड़ लगाई। गृह मंत्री ने एसएचओ से पूछा कि मामले मेंं एक साल तक भी व्यक्ति नही पकड़ा गया। पुलिस क्या कर रही है?
मंत्री अनिल विज ने कहा कि थाना में निरीक्षण के दौरान बहुत खामियां मिली है। जो मामले दर्ज किए गए है उनमें भी कई केसों में कार्रवाई पेंडिंग है। पिछले 6 महीने से पड़े केसों में 33 केस ऐसे है जिन पर कार्रवाई नहीं की गई है। कार्य में लापरवाही बरतने पर एसएचओ, एक एएसआई व एक सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया गया है। उन्होंने कहा कि थानों का निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। हरियाणा के लोगों को इंसाफ के लिए धक्के नहीं खाने दूंगा।
