रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्कूटी पर घर लौट रहे चाचा-भतीजा को एक ट्रॉले ने टक्कर मार दी। हादसे में टायर के नीचे आने से चाचा की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। कसौला थाना पुलिस ने आरोपी ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आज मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव बोलनी निवासी गौरव व उसका चाचा कृष्ण कुमार दोनों दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित असाही कंपनी में बतौर ऑपरेटर कार्यरत थे। मंगलवार शाम दोनों कंपनी से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे।

इसी दौरान हाईवे पर कसौला चौक के पास उनकी स्कूटी को तेज रफ्तार ट्रॉला ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही गौरव एक साइड गिर गया और दूसरी साइड कृष्ण कुमार टायर के नीचे आ गया।

दर्दनाक हादसे में कृष्ण कुमार (35) की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गौरव घायल हो गया। गौरव को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया तथा पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।

पुलिस ने आरोपी ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ट्रॉला के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है। वहीं आज कृष्ण के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!