फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में 22 वर्षीय युवक ने शादी के महज 6 महीने बाद आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान नेहरू कॉलोनी निवासी सतबीर के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि पत्नी के किसी दूसरे युवक से संबंध होने के शक के चलते वह काफी समय से मानसिक तनाव में था। परिवार का यह भी आरोप है कि पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल पहुंचे सतबीर के साथ वहां मारपीट की गई थी। इस घटना के अगले ही दिन उसने आत्महत्या कर ली।

6 महीने पहले हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार, सतबीर और उसके छोटे भाई कमल की शादी करीब 6 महीने पहले हुई थी। सतबीर की पत्नी वंदना मूल रूप से गाजियाबाद की रहने वाली है। फिलहाल उसका परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-22 स्थित मच्छी मार्केट में रहता है।

सतबीर अपने पिता गोवर्धन के साथ बाटा फ्लाईओवर के नीचे जूते बेचने का काम करता था। वह सुनने और बोलने में असमर्थ था, लेकिन पिता के साथ काम करके परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था।

पत्नी को दूसरे युवक के साथ देखने का परिजनों का आरोप

मृतक के चचेरे भाई शिवा के मुताबिक, सतबीर को करीब दो महीने पहले अपनी पत्नी वंदना के किसी दूसरे युवक के साथ घूमने की जानकारी मिली थी। इसके बाद वंदना अपने मायके चली गई और वापस ससुराल आने को तैयार नहीं थी।

परिजनों का कहना है कि सतबीर पत्नी को वापस लाने के लिए कई बार प्रयास कर चुका था। वह इस बात को लेकर काफी परेशान रहता था।

पत्नी को लेने ससुराल गया था सतबीर, मारपीट का आरोप

परिजनों के मुताबिक, शनिवार को सतबीर पत्नी को लेने उसके मायके गया था। आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की। घर लौटने के बाद वह और अधिक परेशान दिखाई दे रहा था। हालांकि, मारपीट के आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।

मां बाजार से लौटी तो कमरे में मिला शव

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 5 बजे सतबीर घर के कमरे में अकेला था। उसकी मां किसी काम से बाजार गई हुई थी। जब वह वापस लौटी और ऊपर कमरे में पहुंची तो सतबीर फंदे पर लटका मिला।

परिवार और आसपास के लोगों ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा

सैनिक कॉलोनी चौकी के सब इंस्पेक्टर नीरज शर्मा के अनुसार, परिवार की ओर से अभी तक पत्नी या ससुराल पक्ष के खिलाफ कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

फिलहाल युवक की आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों को लेकर परिजनों के आरोप सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने और तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!