राजस्थान और हरियाणा के बीच बस समय सारिणी को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। नोहर के आरटीओ ने हिसार रोडवेज की बस को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के समय बस में 45 यात्री सवार थे।

बस ड्राइवर विकास के अनुसार, दोपहर में सूरतगढ़ से हिसार जा रही बस को नोहर में आरटीओ टीम ने रोका। टीम ने समय सारिणी को गलत बताते हुए बस को आरटीओ कार्यालय में खड़ा करवा दिया। सभी यात्रियों को बस से उतार दिया गया। यात्रियों को रात भर परेशानी का सामना करना पड़ा।

हिसार के डीआई वीरेंद्र ने बताया कि यह बस पिछले 8 साल से हिसार-सूरतगढ़ रूट पर चल रही है। हिसार रोडवेज कार्यालय ने सभी जरूरी दस्तावेज वॉट्सऐप पर भेजे। फिर भी आरटीओ ने बस को जब्त कर चालान कर दिया।

दोनों राज्यों के बीच यह पहला विवाद नहीं है। अक्टूबर में किराए को लेकर महिला पुलिसकर्मी से हुई बहस के बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने एक-दूसरे की बसों के चालान काटे थे। सूत्रों के अनुसार, हिसार और राजस्थान के बीच समय सारिणी का विवाद एक साल से चल रहा है। निजी बस संचालक हिसार रोडवेज की समय सारिणी को गलत बताकर शिकायत करते रहते हैं। यह विवाद हिसार से खाजूवाला बस को सूरतगढ़ से चलाने के बाद से शुरू हुआ है।

हरियाणा में राजस्थान रोडवेज की बस में टिकट को लेकर करीब 6 महीने पहले महिला पुलिसकर्मी और कंडक्टर के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया था। इस विवाद के बाद जहां हरियाणा पुलिस ने राजस्थान रोडवेज की बसों के चालान काटने शुरू कर दिए थे। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में राजस्थान में भी हरियाणा रोडवेज की बसों के चालान काट दिए थे।

इसके बाद दोनों राज्यों में अजीबो-गरीब स्थिति बन गई थी। दोनों राज्यों की ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई में रोडवेज कर्मचारी और यात्री दोनों परेशान रहे। चालान काटने के समय बसों को कई-कई देर तक खड़ा रखा जाता था। अब फिर हरियाणा रोडवेज का चालान काटने से मामला तूल पकड़ सकता है।

मामला बढ़ने के बाद हरियाणा पुलिस ने 3 दिनों में राजस्थान रोडवेज की करीब 90 बसों के चालान काट दिए थे। वहीं इस कार्रवाई के बाद राजस्थान में भी हरियाणा रोडवेज की 26 बसों के एक ही दिन में चालान किए गए थे। यह चालान जयपुर में हुए थे।

इसका एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें हरियाणा रोडवेज का कंडक्टर वीडियो बनाते हुए कह रहा है कि 5-7 सवारी ज्यादा होने की वजह से राजस्थान पुलिस नाजायज तरीके से चालान कर रही है। ड्राइवर पुलिस कर्मचारी को बता रहा है कि 60 सीटर बस है। इस पर पुलिस कर्मचारी जवाब देता है कि सवारी 64 हैं। इसके बाद कंडक्टर कहता है कि बदले की भावना में कार्रवाई की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!