हरियाणा में सूरज के तेवर बेहद तीखे हो गए हैं। प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दिन में लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं, वहीं अब रातें भी राहत नहीं दे रही हैं। हालात यह हैं कि प्रदेश के 9 शहरों में ‘वार्म नाइट’ जैसी स्थिति बनी हुई है।
भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार पूरी तरह सक्रिय हो गई है। सभी जिलों में एडवाइजरी जारी कर लोगों से दोपहर 12 से 4 बजे तक घरों में ही रहने की अपील की गई है। दूसरी ओर स्कूलों की छुट्टी 1 से 2 बजे के बीच हो रही है, जिससे बच्चों के लू की चपेट में आने का खतरा बढ़ गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6°C अधिक दर्ज किया गया है। विभाग ने आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी को लेकर ‘यलो अलर्ट’ जारी किया
मौसम विभाग ने आज 24 अप्रैल के लिए हरियाणा के दक्षिण और दक्षिण-पूर्व जिलों (गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, पलवल, मेवात) के साथ-साथ कुरुक्षेत्र और करनाल में लू और वार्म नाइट का दोहरा अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में पारा सामान्य से काफी ऊपर रहने की आशंका है। पश्चिमी हरियाणा के जिलों में धूल भरी हवाएं चलने के भी आसार हैं।
न्यूनतम तापमान भी अब पसीने छुड़ा रहा है। प्रदेश के 9 प्रमुख शहरों में पारा 25 डिग्री सेल्सियस के पार या उसके करीब पहुंच गया है, जो ‘वार्म नाइट’ की स्थिति पैदा कर रहा है। नूंह में तापमान 28.7°C, चरखी दादरी में 28.3°C, भिवानी में 28.0°C, नारनौल में 26.4°C, गुरुग्राम में 25.7°C, रोहतक में 25.7°C, पानीपत में 25.6°C, अंबाला में 25.5°C, महेंद्रगढ़ में 25.4°C तक पहुंच गया है।
दो दिन बाद राहत की उम्मीद : भीषण गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि 26 अप्रैल से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 26 अप्रैल को उत्तर और दक्षिण-पूर्वी हरियाणा के कुछ जिलों (पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद) में छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं 27 अप्रैल को बारिश का दायरा बढ़ेगा और उत्तर हरियाणा समेत मध्य हरियाणा के कई जिलों में गरज-चमक और 30-40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
