हरियाणा के हिसार में सब्जी मंडी पुल पर पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और CIA इंचार्ज पवन कुमार के बीच हुए विवाद के मामले में SIT ने अपनी जांच तेज कर दी है। एसआईटी इंचार्ज डीएसपी कंवलजीत ने सभी पक्षों को नोटिस जारी कर बयान दर्ज करवाने के लिए बुलाया है।

हालांकि, CIA इंचार्ज पवन कुमार सहित 6 पुलिसकर्मी अपने बयान दे चुके हैं। दूसरे पक्ष से पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, युवा जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला और उनके 4 गनमैन को भी नोटिस जारी किया गया है। मगर, अभी तक ये सभी बयान देने नहीं पहुंचे हैं।

इस मामले में जजपा प्रवक्ता एडवोकेट मनदीप बिश्नोई का कहना है कि पुलिस ने अभी तक शिकायत कॉपी उपलब्ध नहीं करवाई है, उसे देखने के बाद ही जवाब दिया जा सकता है। वहीं, एसआईटी इंचार्ज कंवलजीत ने कहा कि अभी इस मामले में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करेगी।

गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी में हुए विवाद के बाद 17 अप्रैल 2026 को दुष्यंत चौटाला और उनके भाई दिग्विजय चौटाला मामले के विरोध में गिरफ्तारी देने एसपी ऑफिस पहुंचे थे। यहां उनकी पुलिस कर्मियों से काफी बहस हुई थी। इसके बाद पूर्व डिप्टी CM दुष्यंत चौटाला ने आरोप लगाया था कि सीआईए इंचार्ज पवन कुमार की गाड़ी से उन्हें सब्जी मंडी पुल पर कुचलने का प्रयास किया। पवन कुमार ने उन पर वैपन तान दिया।

इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ। हालांकि, पवन कुमार ने बताया था कि उन्होंने सही ड्राइविंग करने के बारे में दुष्यंत चौटाला के ड्राइवर को बोला था। उन्होंने किसी तरह का वैपन नहीं दिखाया।

इसके बाद दुष्यंत चौटाला पक्ष की ओर से अर्बन एस्टेट थाने में शिकायत दी गई। शिकायत में उन्होंने सीआईए इंचार्ज पवन कुमार, कांस्टेबल अनिल, राजकुमार भोला, हवलदार बिजेंद्र ईएसआई सुभाष और सिक्योरिटी इंचार्ज अमरजीत पर आरोप लगाए गए कि उनको कुचलने का प्रयास किया गया और वैपन दिखाकर डराया धमकाया गया।

इसके बाद सीआईए इंचार्ज की ओर से एसपी ऑफिस में शिकायत दी गई, जिसमें दिग्विजय और दुष्यंत चौटाला के काफिले की एस्कॉर्ट द्वारा रफ ड्राइविंग करने और सह पुलिसकर्मी से मारपीट करने के आरोप लगाए गए। इसके बाद पूरे मामले में जांच के लिए डीएसपी कंवलजीत के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!