हरियाणा पुलिस विभाग के इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के लिए 2 साल के दौरान 750 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह जानकारी हरियाणा DGP अजय सिंघल ने मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रैसवार्ता के दौरान दी। डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि हरियाणा के अलग-अलग जिलों में पुलिस लाइन, पुलिस पोस्ट, पुलिस बूथ, थानों-चौकियों व दूसरी चीजों का निर्माण होगा।
सीएम नायब सैनी ने उनके लिए विशेष बजट का प्रावधान किया है। क्राइम कंट्रोल के लिए उनकी टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। हरियाणा में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) के गठन को लेकर डीजीपी ने कहा कि जून माह से यह शुरू हो जाएगा। इस पर छोटी से आपत्ति है, वो जल्द दूर कर दी जाएगी। एटीएस को लीड आईजीपी स्तर का आईपीएस अफसर करेगा।
इसके बाद 4 आईपीएस रैंक के अधिकारियों को एसपी की जिम्मेदारी दी जाएगी।

दुष्यंत चौटाला के साथ हिसार पुलिस के विवाद को लेकर डीजीपी ने कहा कि अब ये किस्सा पुराना हो चुका है। जांच रिपोर्ट कोर्ट में सबमिट कर दी है। जो फैसला आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई कर दी जाएगी। दुष्यंत का नंबर ब्लॉक करने के मुद्दे पर डीजीपी ने कहा कि यह बात वो उन्हें क्लियर कर चुके हैं, इसे सार्वजनिक नहीं करना चाहते।
