पानीपत में एक सनकी ग्राहक द्वारा मोबाइल शॉप में आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपना की-पैड फोन रिपेयर के लिए दुकान पर दिया था। जब वह फोन लेने पहुंचा तो दुकान बंद मिली, जिससे गुस्साए युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर दुकान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
घटना सेक्टर-25 स्थित शर्मा मार्केट में पुराना हरिद्वार बाईपास रोड के पास की है। पीड़ित दुकानदार अंकित मलिक ने चांदनी बाग थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी “मां वैष्णो टेलीकॉम” नाम से मोबाइल शॉप है।
अंकित के अनुसार 23 मई को दिन में सोनू नाम का ग्राहक अपना जियो का की-पैड फोन रिपेयर के लिए देकर गया था। रात को उसे फोन लेने आना था, लेकिन इसी बीच उनके पिता जसवंत सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई। ऐसे में वह दुकान बंद कर पिता को अस्पताल लेकर चले गए।
इसी दौरान ग्राहक सोनू अपने एक अन्य साथी के साथ दुकान पर पहुंचा। दुकान बंद देखकर दोनों युवक भड़क गए। आरोप है कि दोनों अपने साथ पेट्रोल लेकर आए थे और उन्होंने दुकान के शटर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आगजनी में दुकान के अंदर रखे नए मोबाइल, रिपेयरिंग के लिए आए फोन, मोबाइल एसेसरीज और अन्य सामान जलकर राख हो गया। दुकानदार ने करीब 5 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चांदनी बाग थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
