हरियाणा के पंचकूला में वीरवार शाम पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हो गए। दोनों की पहचान राहुल और मुकेश के रूप में हुई है, जो कैथल जिले के चीका स्थित शक्ति नगर के रहने वाले हैं।
मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कुल 6 राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाशों के पैर में चोट आई है। मौके से पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक पिस्टल बरामद की है। घायल बदमाशों को पंचकूला के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस पहरे में उनका इलाज चल रहा है।
पूछताछ में दोनों बदमाशों ने खुलासा किया कि वे नौनी राणा और मोनू गुर्जर गैंग से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि पंचकूला के चौकी गांव से हथियार लेने आए थे। बदमाशों ने यह भी बताया कि अब गैंग ने हथियार सप्लाई का तरीका बदल दिया है। सप्लायर सीधे शूटरों से नहीं मिलते, बल्कि लोकेशन और फोटो भेज देते हैं, जहां से हथियार उठाकर ले जाए जाते हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों बदमाश करनाल के नीलकंठ ढाबे पर फायरिंग करने की तैयारी में थे। ढाबा संचालक से पहले 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। रकम न देने पर गैंग ने फायरिंग की योजना बनाई थी।
नीलकंठ ढाबे के मालिक भूपेंद्र लाठर ने बताया कि करीब पांच महीने पहले उनसे 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई थी, लेकिन उन्होंने रकम देने से इनकार कर दिया था। उस समय उन्होंने पुलिस में शिकायत भी नहीं दी थी।
पंचकूला डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह के अनुसार राहुल पर आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं, जबकि मुकेश पर हत्या और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है। चंडीमंदिर थाना पुलिस ने भी दोनों आरोपियों पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। डॉक्टरों से छुट्टी मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा।
