यमुनानगर के कोर्ट परिसर स्थित एक चेंबर में आज दोपहर एसी में जोरदार ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट होते ही आसपास अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते चेंबर में रखा सामान और केस से संबंधित फाइलें जल गईं।
ब्लास्ट से कुछ समय पहले ही एडवोकेट चेंबर से बाहर निकले थे। सूचना मिलते ही कोर्ट सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और अग्निशमन यंत्रों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन नुकसान काफी हुआ है।
एडवोकेट मानीक लूथरा ने बताया कि उनका ब्लॉक-ए में तीसरी मंजिल पर 324 नंबर चेंबर है। आज दोपहर वह अपने चेंबर में एसी चलाकर अपना काम कर रहे थे। इसी दौरान एसी से अजीब आवाज आने लगी और देखते ही देखते उसमें से स्पार्किंग के साथ धुआं निकलने लगा।
लूथरा ने बताया कि वह तुरंत चेंबर से बाहर आ गए और बार रूम में इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद लोग अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था करने में जुट गए। इसी दौरान चेंबर में जोरदार धमाके के साथ एसी फट गया, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। चेंबर से लगातार धुआं और आग की लपटें बाहर निकल रही थीं।
इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। वहीं कोर्ट सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग बुझाने के दौरान कांस्टेबल साहेब सिंह का हाथ हल्का-सा झुलस गया। इस दौरान छत पर रखी टंकी से पाइप के जरिए पानी चेंबर तक पहुंचाया गया।
पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद एडवोकेट्स ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मानीक लूथरा ने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन उन्हें भारी नुकसान हुआ है। आग लगने से चेंबर में रखी केस से संबंधित फाइलें, फर्नीचर, सीलिंग, पंखे, एलईडी, किताबें और इन्वर्टर सहित काफी सामान जलकर नष्ट हो गया।
कोर्ट सिक्योरिटी से मौके पर पहुंचे एसआई महिंद्र पाल ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही वे टीम सहित मौके पर पहुंच गए थे। उनकी टीम और वकीलों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण एसी में ब्लास्ट माना जा रहा है। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आग लगने के कारण और नुकसान का सही आंकलन किया जाएगा।

