हरियाणा सरकार ने बुजुर्गों और आम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने घोषणा की है कि राज्य में जल्द ही दो नई स्वास्थ्य योजनाएं शुरू की जाएंगी। इनमें बुजुर्गों के लिए ‘वृद्ध सेवा एवं स्वास्थ्य’ पोर्टल और अस्पतालों में मरीजों के लिए ‘संजीवनी योग’ कार्यक्रम शामिल हैं।
सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य निगरानी, समय पर इलाज और अस्पतालों में समग्र स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। खास बात यह है कि अब आयुष, योग और आधुनिक चिकित्सा को एक साथ जोड़कर इलाज की व्यवस्था की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (AYUSH) में हर सप्ताह गुरुवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन कैंपों में बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच, योग परामर्श और जरूरी स्वास्थ्य सलाह दी जाएगी।
सरकार का मानना है कि बढ़ती उम्र के साथ होने वाली बीमारियों की समय रहते पहचान कर इलाज आसान बनाया जा सकेगा। साथ ही बुजुर्गों को अस्पतालों के चक्कर कम लगाने पड़ेंगे।
राज्यभर के बुजुर्गों के स्वास्थ्य डेटा की डिजिटल मॉनिटरिंग होगी। हर जिले में लगने वाले हेल्थ कैंप का रिकॉर्ड ऑनलाइन रहेगा। बुजुर्गों को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी आसान होगी। स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। सरकार को यह पता चल सकेगा कि किस क्षेत्र में बुजुर्गों को ज्यादा स्वास्थ्य सहायता की जरूरत है।
सरकार ‘संजीवनी योग’ कार्यक्रम भी शुरू करने जा रही है। इसके तहत जिला अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी में ओपीडी और वेटिंग एरिया में मरीजों व उनके तीमारदारों के लिए योग और प्राणायाम सत्र आयोजित किए जाएंगे। आयुष डॉक्टर और योग सहायक मरीजों को तनाव कम करने, सांस संबंधी दिक्कतों, जीवनशैली सुधार और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के तरीके बताएंगे।
इसके अलावा अस्पतालों में भर्ती मरीजों को डॉक्टरों की सलाह के अनुसार योग थेरेपी और लाइफस्टाइल काउंसिलिंग भी दी जाएगी।
जिला अस्पताल, CHC और PHC में योग सत्र होंगे। ओपीडी और वेटिंग एरिया में मरीजों को प्राणायाम सिखाया जाएगा। भर्ती मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर योग थेरेपी मिलेगी। तनाव, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और लाइफस्टाइल बीमारियों में मदद का दावा है। आयुष और आधुनिक चिकित्सा को साथ जोड़ने की पहल साबित होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि योग, प्राणायाम और आधुनिक चिकित्सा का यह संयुक्त मॉडल हरियाणा को स्वस्थ और निरोगी बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। सरकार ने दोनों योजनाओं की तैयारियां पूरी होने का दावा किया है और जल्द इनके औपचारिक शुभारंभ की बात कही है।

