पानीपत के सनौली थाना पुलिस को दी शिकायत में मांगेराम ने बताया कि वह तमशाबाद गांव का रहने वाला है। 8 दिसंबर को वह अपने बगीचे में बने कमरे में सो रहा था। तभी उसका 24 वर्षीय पोता आशीष वहां आया। वह कमरे में घुस आया और उससे झगड़ा करने लगा।
उसने कहा कि मेरे पिता के हिस्से की जमीन मेरे नाम करवा दो। जिस पर उसने कहा कि तुम नशेड़ी लड़के हो, मैं जमीन तुम्हारे नाम नहीं करवाऊंगा। इसी बीच उसका पोता आशीष भड़क गया। उसने हाथ में लिए डंडे से उस पर हमला कर दिया।
उसने डंडे से उसके सिर पर कई वार किए। जिससे उसके खून बहने लगा। जब उसने मदद के लिए आवाज लगाई तो आशीष ने अपने चाचा को आता देख उसे जान से मारने की धमकी दी और डंडा लेकर बाइक पर पटाखे फोड़ते हुए भाग गया।
मामले की शिकायत पुलिस में की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
