रेवाड़ी के गांव कनुका में उस समय हड़कंप मच गया, जब बीती शाम को एक तेंदुआ गांव में घुस आया। इसकी सूचना मिलने पर वाइल्डलाइफ की टीम गांव में पहुंची और 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को पिंजरे में डालकर अपने साथ ले गई। रेवाड़ी के बावल क्षेत्र के कनुका गांव में बुधवार देर शाम हुई इस घटना में किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के मुताबिक तेंदुआ यहां प्लाट में बने एक टीन शेड में घुसकर आराम करने लगा। गांव के एक युवक ने उसे देखा तो बहादुरी दिखाते हुए टीन शैड का गेट बंद कर दिया। इसके बाद गुरुग्राम से वाइल्ड लाइफ की टीम बुलाई गई। जैसे ही टीन शेड खोला गया तो तेंदुआ इधर-उधर भागने लगा। जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने घर के दरवाजे बंद कर लिए। पशुओं को बांधने वाले कमरों को भी कुंडी-ताला लगाकर बंद कर दिया। वाइल्ड लाइफ की टीम ने 5 घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को काबू कर लिया।

वाइल्ड लाइफ की टीम तेंदुए को पकड़कर साथ ले गई। गांव के सरपंच जयवीर योगी ने मीडिया मे बताया कि उनका कनुका गांव राजस्थान बॉर्डर पर है। गांव के पास से ही अरावली की पहाड़ियां हैं। ऐसे में संभावना है कि तेंदुआ इन्हीं पहाड़ियों से रास्ता भटककर यहां आ गया है। हालांकि अभी इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिली है I

जिला वन विभाग रेंज के अधिकारी संदीप यादव के मुताबिक गांव कनुका में तेंदुए की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गांव को चारों तरफ से सील कर दिया गया और मुनादी भी करवाई गई। गुरुग्राम में वाइल्ड लाइफ टीम को इसकी सूचना दी गई। देर रात टीम पहुंची और 5 घंटे बाद जाल लगाकर तेंदुए को पकड़ा। रात को ही टीम उसे अपने साथ ले गई। अब किसी भी गांव में ऐसी कोई चिंता की बात नहीं है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!