करनाल के काछवा रोड पर दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक युवक की सगाई हो चुकी थी और दो माह बाद उसकी शादी होनी थी।हादसे की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान गांव सैदपुरा निवासी चरणीजत(26) के रूप में हुई है जो करनाल में ही जिम ट्रेनर था। मृतक के भाई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि बुधवार शाम को उसका भाई झिलमिल ढाबे की तरफ से काछवा नहर पुल की ओर बाइक से जा रहा था। लगभग 4 बजे, पृथ्वीराज चौहान चौक से 100 मीटर आगे कैथल रोड पर, ट्रक के चालक ने तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में चरणजीत सिंह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी गुरप्रीत को एक अनजान व्यक्ति ने फोन पर दी। मौके पर पहुंचने पर उसने अपने भाई को खून से लथपथ और बेहोशी की हालत में पाया। गंभीर हालत को देखते हुए गुरप्रीत ने तुरंत प्राइवेट वाहन की मदद से अपने भाई को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

गुरप्रती ने बताया कि हम तीनों भाईयों में चरणजीत सबसे बड़ा भाई था। 1 माह पहले ही उसकी सगाई हुई थी। दो माह बाद उसकी शादी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। लेकिन चरणजीत की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों को गहरा धक्का लगा है। आरोप है कि ट्रक चालक की लापरवाही के कारण हादसा हुआ है।

सदर थाना के पुलिस जांच अधिकारी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक द्वारा एक बाइक चालक को टक्कर मारी गई थी। जिसमें चरणजीत की मौत हो गई है। शव को मोर्चरी हाउस में रखवाया गया है। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!