हरियाणा के Panipat में बुधवार शाम गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से कमरे में भीषण आग लग गई। हादसे में कमरे में रह रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी झुलस गया। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई।
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी। आग इतनी भयानक थी कि उसका शरीर कंकाल में तब्दील हो गया। कमरे में रखा फ्रिज, चारपाई और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा चाय बनाते समय हुआ। जिस सिलेंडर में विस्फोट हुआ, वह एक दिन पहले ही गोदाम से लाया गया था। मामले की जांच जारी है।
मृतक की पहचान सोमपाल (60) निवासी रामनगर के रूप में हुई है। सोमपाल भारत नगर में 8×10 के एक छोटे से कमरे में अकेले किराए पर रहते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे से महज 10 मिनट पहले ही सोमपाल सिलेंडर लेकर कमरे पर आए थे। जैसे ही उन्होंने चाय बनाने के लिए गैस चूल्हा जलाया, अचानक सिलेंडर में जबरदस्त ब्लास्ट हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के लोग सहम गए। स्थानीय निवासियों ने तुरंत कमरे से आग की लपटें उठती देखीं और मामले की सूचना डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक सोमपाल की मौत हो चुकी थी।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। शुरुआती जांच में इसे गैस रिसाव के कारण हुआ हादसा माना जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सिलेंडर में लीकेज थी या रेगुलेटर सही से नहीं लगा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है।
