प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व वन्यजीव दिवस के मौके पर गुजरात के जामनगर स्थित पशु संरक्षण केंद्र ‘वनतारा’ का शंख ध्वनियों, मंत्रोच्चार और लोक कलाकारों के गायन-वादन के बीच उद्घाटन किया और सफेद शेर, बाघ, गैंडा के शावकों को अपने हाथों से दूध पिलाया। वनतारा वन्य जीवों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिये समर्पित केंद्र है।  मोदी ने तीन हजार एकड़ में फैले वनतारा में काफी वक्त बिताया और वहां जानवरों के लिए बनाई गई विश्व स्तरीय सुविधाओं का जायजा लिया। प्रसिद्ध उद्योगपति मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी की पहल पर वनतारा बनाया गया है। 

वनतारा पहुंचने पर अंबानी परिवार ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने परिसर में बने मंदिर में हुई पूजा-अर्चना में भी भाग लिया। वह वनतारा में जानवरों के लिए विशेष रूप से तैयार मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल का मुआयना करने गये और वहां विशेष चिकित्सीय उपकरणों जैसे डायग्नोस्टिक सूट में सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड और एंडोस्कोपी का लाइव प्रदर्शन देखा। जानवरों के लिए बनाए गए आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर में भी उन्होंने दिलचस्पी दिखाई। वनतारा में हाल ही में पैदा हुए जानवरों के छोटे बच्चों के लिए नर्सरी भी बनाई गई है। उन्होंने वनतारा में काम करने वाले कर्मचारियों की लगन और मेहनत की प्रशंसा की।

पीएम मोदी ने  एशियाई शेर के शावकों, सफेद शेर के शावक, दुर्लभ और लुप्तप्राय प्रजाति क्लाउडेड तेंदुआ शावकों को देखा और अपने हाथों से सफेद शेर, बाघ, गैंडा के शावकों को दूध पिलाया। इस केंद्र में एशियाई शेर, हिम तेंदुआ, एक सींग वाला गैंडा जैसे जानवरों का संरक्षण हो रहा है। उन्होंने कई खतरनाक जानवरों को भी नज़दीकी से देखा। इनमें गोल्डन टाइगर, सफेद शेर और हिम तेंदुए शामिल थे। विशाल वनतारा में हर जानवर को उसकी जरूरत के हिसाब से घर मिला है।

पीएम ने खुले में चिम्पांजी का भी सामना किया, ओरांगुटान के साथ खेला, जिन्हें पहले एक भीड़-भाड़ वाली जगह पर रखा गया था। उन्होंने दरियाई घोड़ों और मगरमच्छों से भी करीब से बातचीत की, इस दौरान ज़ेबरा के बीच सैर की, जिराफ़ और गैंडे के बच्चे को खाना खिलाया। उन्होंने डॉक्टरों, सहायक कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत की, जो केंद्र में विभिन्न सुविधाओं के संरक्षक के रूप में काम करते हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!