मौनी अमावस्या की बीती शाम प्रयागराज महाकुंभ में मची भगदड़ में हरियाणा की 2 महिलाओं की मौत हो गई है। इनमें से एक रोहतक की और एक जींद की रहने वाली थी। भगदड़ के समय ये दोनों संगम तट पर ही मौजूद थीं। इनके अलावा जींद के 4 लोग घायल भी हुए हैं।भगदड़ के दौरान अचानक आई भीड़ ने इन्हें संभलने का मौका नहीं दिया, जिससे दोनों बुजुर्ग महिलाएं दबकर मारी गईं। आज इन दोनों के शव इनके गांव लाए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार, रोहतक में सांपला के रहने के रहने वाले 2 परिवार मौनी अमावस्या के मौके पर महाकुंभ में डुबकी लगाने गए थे। लेकिन, मंगलवार की देर रात अचानक किन्हीं कारणों से संगम तट के पास भगदड़ मच गई, जिसमें कई श्रद्धालुओं की जान चली गई। इनमें सांपला के वार्ड 13 की रहने वाली कृष्णा (75) भी शामिल थीं। हालांकि, उनके परिवार के अन्य लोग सुरक्षित बच गए।

इसके अलावा, जींद के राजपुरा गांव से बुजुर्ग रामपति (60) 26 जनवरी को महाकुंभ गई थीं। हादसे में उनकी भी जान चली गई। उनके साथ उनके ही गांव का एक परिवार था, जो सुरक्षित बच गया। हालांकि, उन्हें भी चोटें आई हैं। इनमें 4 लोग नरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी उर्मिला, बहन पिंकी और उनकी बेटी शामिल हैं।
रामपति के घरवालों का कहना है कि उन्हें दिन में ही उनकी मौत की सूचना मिल गई थी। इसके बाद हम भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। आज उनका शव गांव लाया जाएगा। रामपति की 3 बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
