हिसार। हरियाणा में लाल डोरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली प्रॉपर्टी के रिकॉर्ड में गड़बड़ी होने पर अब लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। प्रदेश सरकार ने स्वामित्व पोर्टल के माध्यम से रिकॉर्ड में सुधार कराने की व्यवस्था की है। नागरिक ऑनलाइन अपनी प्रॉपर्टी का विवरण देखकर गलतियों के खिलाफ आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
इसके लिए लोगों को 90 दिन का समय दिया जाएगा। पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच राजस्व विभाग की ओर से तहसील स्तर पर की जाएगी और उसके बाद उनका निपटारा होगा।
रिकॉर्ड में इन गलतियों को सुधरवा सकेंगे
पंचायत विभाग की ओर से पहले लाल डोरा क्षेत्र की प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड तैयार कर प्रॉपर्टी आईडी जारी की गई थी। इस दौरान कई जगह मालिक का नाम, हिस्सेदारी, क्षेत्रफल और प्रॉपर्टी की पहचान से संबंधित गलतियां सामने आई थीं।
अब स्वामित्व पोर्टल के जरिए इन गलतियों में सुधार कराया जा सकेगा।
- खरीद-फरोख्त के बाद मालिक का नाम बदलवाना।
- रिकॉर्ड में गलत दर्ज मालिक का नाम ठीक कराना।
- प्रॉपर्टी की गलत हिस्सेदारी में सुधार।
- गलत क्षेत्रफल या माप ठीक कराना।
- प्रॉपर्टी का कोई कोना या हिस्सा रिकॉर्ड में दर्ज नहीं होने पर सुधार।
- दो प्रॉपर्टी को आपस में जोड़ना।
- एक प्रॉपर्टी को अलग-अलग हिस्सों में बांटना।
- प्रॉपर्टी का गलत प्रकार ठीक कराना।
- प्रॉपर्टी से जुड़ी अन्य रिकॉर्ड संबंधी गलतियां।
नाम, प्रॉपर्टी आईडी और आधार से देख सकेंगे रिकॉर्ड
स्वामित्व पोर्टल पर पूरे हरियाणा का नक्शा उपलब्ध है, जिसमें लाल डोरा क्षेत्र की सीमाएं दिखाई गई हैं। नागरिक अपने नाम, प्रॉपर्टी आईडी, आधार नंबर और मोबाइल नंबर के माध्यम से अपनी प्रॉपर्टी का विवरण देख सकेंगे।
यदि रिकॉर्ड में कोई गलती मिलती है तो ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी।
तहसील स्तर पर होगी शिकायतों की जांच
रिकॉर्ड में सुधार के लिए अब नागरिकों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पोर्टल पर आपत्ति दर्ज होने के बाद राजस्व विभाग तहसील स्तर पर शिकायत की जांच करेगा। जांच के आधार पर रिकॉर्ड में जरूरी सुधार और शिकायत का निपटारा किया जाएगा।
90 दिन में दर्ज करानी होगी आपत्ति
प्रॉपर्टी रिकॉर्ड में गलती मिलने पर नागरिकों को 90 दिन तक आपत्ति दर्ज कराने का मौका मिलेगा। इसलिए लाल डोरा क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सलाह है कि वे अपनी प्रॉपर्टी का विवरण पोर्टल पर जरूर जांच लें, ताकि नाम, हिस्सेदारी, क्षेत्रफल या सीमाओं से जुड़ी गलतियों को समय रहते ठीक कराया जा सके।
इस व्यवस्था से लाल डोरा क्षेत्र के उन लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से अपनी प्रॉपर्टी के रिकॉर्ड में सुधार कराने के लिए परेशान हो रहे थे।
