हरियाणा रोडवेज विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब रोडवेज द्वारा जारी किए जाने वाले सीनियर सिटिजन कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के रूप में अपडेट किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत, सीनियर सिटिजन को अपना कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा।

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, कार्ड बनकर रोडवेज विभाग के कार्यालय में पहुंचेगा, जिसकी सूचना लाभार्थी को उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज के माध्यम से दी जाएगी। NCMC कार्ड बनने के बाद, वरिष्ठ नागरिक इस एक ही कार्ड से यात्रा के साथ-साथ अन्य कई प्रकार के फायदा प्राप्त कर सकेंगे।

दरअसल, नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) एक ऐसा इंटरऑपरेबल ट्रांसपोर्ट कार्ड है, जिसे पूरे देश में यात्रा, खुदरा खरीदारी और टोल भुगतान जैसी विभिन्न सेवाओं के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। यह कार्ड भारत सरकार की ‘वन नेशन वन कार्ड’ पहल के अंतर्गत लॉन्च किया गया है, जिसका मुख्य उद्देश्य डिजिटल और केशलैस लेनदेन को बढ़ावा देना है।

अभी तक सोनीपत रोडवेज विभाग वरिष्ठ नागरिकों को सामान्य प्रिंटेड कार्ड जारी करता था, लेकिन अब मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार, सभी मौजूदा और नए सीनियर सिटिजन कार्ड को NCMC कार्ड में अपडेट किया जाएगा।

रोडवेज विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों को एक और सुविधा दी है। यदि किसी बुजुर्ग व्यक्ति के पास पहले से हैप्पी कार्ड मौजूद है और उन्होंने अपने सालाना 1000 किलोमीटर के मुफ्त यात्रा का लाभ उठा लिया है, तो वे अपने हैप्पी कार्ड को ही सीनियर सिटिजन कार्ड में अपडेट करवा सकते हैं।

सीनियर सिटिजन कार्ड के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को बस किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलती है। हालांकि, NCMC कार्ड में बदलने के बाद, इस कार्ड को रिचार्ज करवाना अनिवार्य होगा। कार्ड में पैसे होने पर ही वरिष्ठ नागरिक किराए में छूट का फायदा उठा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!