रोहतक, 12 नवंबर। कोसली के विधायक एवं कलानौर के प्रभारी अनिल यादव ने गांव पहरावर स्थित अखिल भारतीय गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में चारा अनुदान योजना के तहत कलानौर विधानसभा क्षेत्र की तीन गौशालाओं को कुल 76 लाख 5 हजार 923 रुपये की अनुदान राशि वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने गौशाला संचालकों एवं उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और गौशालाओं के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
अनिल यादव ने कहा कि चारा अनुदान योजना के तहत श्री पंचायती गौशाला सोसायटी, कलानौर को 10 लाख 32 हजार 406 रुपये, अखिल भारतीय गौशाला, पहरावर को 62 लाख 81 हजार 618 रुपये तथा जगपाल मैगो समाज सेवा एवं गौ सेवा समिति, अनवाल को 2 लाख 91 हजार 899 रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि गौवंश का संरक्षण हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार गौशालाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा वहां रह रहे गौवंश के लिए चारे एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। चारा अनुदान योजना के माध्यम से गौशालाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि वे गौवंश की बेहतर देखभाल कर सकें।
विधायक अनिल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की गौशालाओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और गौवंश की देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने गौशाला संचालकों से भी आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाते हुए गौवंश की सेवा एवं संरक्षण के कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, डॉ अशोक रंगा, जय सिंह लाकड़ा, डॉ अंकुश बिडडु साहसी, अमित नीटू, मेहताब, सुनील शीशा, नरेश, गौशाला प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी, स्थानीय गणमान्य व्यक्ति एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!