हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने पहली बार अपने व्यस्त राजनीतिक और प्रशासनिक जीवन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान सीएम सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका ज्यादातर समय जनता, बैठकों और सरकारी कार्यक्रमों में गुजरता है, जिसके कारण वह अपने परिवार और बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं।
सीएम सैनी ने बताया कि उनकी बेटी ने उनसे वृंदावन जाने की इच्छा जताई थी और इसके लिए तारीख भी तय हो गई थी, लेकिन व्यस्त शेड्यूल के चलते वह खुद नहीं जा सके। उन्होंने अपनी पत्नी सुमन सैनी से बच्चों को लेकर जाने के लिए कहा, लेकिन बच्चे अकेले जाने के लिए तैयार नहीं हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं हफ्ते में अपने बच्चों से बहुत कम मिल पाता हूं। कई बार लगातार बैठकों और कार्यक्रमों के कारण परिवार के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है।”
उन्होंने यह भी बताया कि उनका परिवार मुख्यमंत्री आवास में उनके साथ नहीं रहता। इसकी वजह बताते हुए सीएम ने कहा कि सीएम हाउस में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। इसी कारण परिवार अलग रहता है।
सीएम सैनी ने कहा कि 28 मई को गजेटेड हॉलीडे होने के कारण बच्चों की छुट्टी है और उन्होंने अपने शेड्यूल में परिवार के साथ समय बिताने का कार्यक्रम लिखा है। हालांकि मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि देखना होगा उस दिन समय मिल पाता है या नहीं।
मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सैनी लगातार प्रदेशभर में जनसंवाद कार्यक्रम, समीक्षा बैठकों और सरकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग में व्यस्त रहते हैं। उनकी दिनचर्या सुबह 8 बजे से शुरू हो जाती है। वह सबसे पहले अपने सरकारी आवास ‘संत कबीर कुटीर’ में लोगों से मुलाकात करते हैं और इसके बाद तय बैठकों में शामिल होते हैं। कई बार देर रात तक उनका कार्यक्रम चलता रहता है।
अंबाला जिले के मिर्जापुर माजरा गांव निवासी नायब सैनी का जन्म 25 जनवरी 1970 को हुआ था। उनके पिता तेलुराम सैनी भारतीय सेना से रिटायर्ड हैं। उनकी पत्नी सुमन सैनी राजनीति में सक्रिय हैं और बीजेपी महिला मोर्चा से जुड़ी हुई हैं। उनके बेटे अनिकेत चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि बेटी अंशिका भी चंडीगढ़ में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं।
