रोहतक। रोहतक में कच्चा चमारिया रोड पर रविवार को CIA-1 की टीम ने अवैध पटाखा फैक्ट्री पर छापेमारी की। पुलिस की इस कार्रवाई में भारी मात्रा में पटाखे, बारूद और कच्चा माल बरामद किया गया। बरामद पटाखों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चमारिया रोड पर अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर CIA की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और पटाखों से भरे बॉक्स जब्त कर उन्हें सील किया।
200 से ज्यादा बॉक्स बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से 200 से अधिक बॉक्स मिले। इनमें बड़े और छोटे आकार के पटाखों के बॉक्स शामिल हैं। इसके अलावा खुले में सुखाने के लिए रखे गए पटाखे और बारूद भी बरामद किया गया। सामान की अधिक मात्रा होने के कारण पुलिस को उसे ले जाने के लिए कैंटर मंगवाना पड़ा।
5 महिलाओं समेत 6 लोग पकड़े
पुलिस ने मौके से 5 महिलाओं और एक व्यक्ति को पकड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, ये लोग फैक्ट्री परिसर में ही रहते थे। छापेमारी के समय फैक्ट्री का मालिक मौके पर नहीं मिला। पुलिस अब फैक्ट्री संचालक की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है।
लाइसेंस नहीं मिलने पर कार्रवाई
CIA-1 के ASI विकास कुमार के अनुसार, पुलिस को फैक्ट्री में पटाखे बनाने संबंधी सूचना मिली थी। मौके पर करीब 2 करोड़ रुपये के पटाखे मिले, लेकिन उनके लिए लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने पटाखों और अन्य सामग्री को जब्त कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


