नोएडा। जंतर-मंतर पर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में नोएडा की रहने वाली रुचिका सिंह के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की गई है। यह कार्रवाई नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में गाजियाबाद की अधिवक्ता स्मृति सिंह चंदेल की शिकायत पर की गई है। मामले में पुलिस वायरल वीडियो, सोशल मीडिया क्लिप और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
गुरुवार शाम अधिवक्ता स्मृति सिंह चंदेल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि सेक्टर-168 निवासी रुचिका सिंह ने सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत मामला दर्ज किया है।
हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनूप खेतान ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही युवती रुचिका सिंह है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो 23 जुलाई 2026 को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन का है तथा पुलिस से आरोपी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। इस दावे की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अधिवक्ता स्मृति सिंह चंदेल ने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि बच्चे सोशल मीडिया पर इस प्रकार की भाषा सुनें या उसे सामान्य मानें। उनका कहना है कि किसी भी व्यक्ति, विशेषकर संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के प्रति सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं होना चाहिए और इसी उद्देश्य से उन्होंने कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया।पुलिस के अनुसार, रुचिका सिंह के खिलाफ BNS की धारा 352 (जानबूझकर अपमान), धारा 353(1) (लोक व्यवस्था प्रभावित करने वाली कथित भड़काऊ/झूठी बात) तथा धारा 356(1) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह जीरो FIR है, जिसे आगे क्षेत्राधिकार के अनुसार दिल्ली पुलिस को जांच के लिए स्थानांतरित किया जाएगा।
इस बीच, दिल्ली पुलिस ने भी प्रधानमंत्री और अन्य संवैधानिक पदाधिकारियों के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर कथित आपत्तिजनक सामग्री को लेकर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ऐसे कंटेंट को हटाने तथा संबंधित खातों की जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। उल्लेखनीय है कि यह मामला 23 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए CJP प्रदर्शन से जुड़ा बताया जा रहा है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
