फरीदाबाद। डबुआ-गाजीपुर में मंगलवार रात नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक को बीच बाजार घेरकर बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने उसे सड़क पर गिराकर लाठी-डंडों और सरियों से वार किए। इसके बाद पैर पकड़कर उसे सड़क पर काफी दूर तक घसीटा। करीब चार मिनट तक चले हमले के दौरान आरोपित कुछ दुकानों की तरफ पथराव भी करते रहे।

हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल के आसपास लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने युवक को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हमले में युवक की दोनों टांगें टूट गईं। गंभीर हालत में उसे दिल्ली के अस्पताल में रेफर किया गया है।

घायल युवक की पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी सागर के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे सागर अपने दोस्त के साथ दुकान से दूध लेकर घर लौट रहा था।

इसी दौरान डबुआ-गाजीपुर में मस्जिद के पास नकाबपोश युवकों ने उन्हें घेर लिया और सागर पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराकर उसका दोस्त मौके से भाग गया, जबकि सागर हमलावरों के चंगुल में फंस गया।

सीसीटीवी फुटेज में हमलावर युवक को सड़क पर गिराकर लगातार पीटते दिखाई दे रहे हैं। आरोपित बीच-बीच में उस पर वार करते रहे और उसका पैर पकड़कर सड़क पर घसीटा। इसी दौरान कुछ दुकानों की तरफ पथराव भी किया गया।

हमलावरों के फरार होने के बाद स्वजन सागर को बेसुध हालत में बीके नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। स्वजन के मुताबिक, सागर की दोनों टांगें टूट गई हैं और सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।

डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह ने बताया कि वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले सागर के दोस्त का कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था और उस दौरान सागर भी मौजूद था।

पुलिस इस पुराने विवाद को हमले की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। सागर के बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम दिल्ली रवाना की गई है। थाना प्रभारी के अनुसार, फिलहाल स्वजन की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!