यूपी के मेरठ की तरह जयपुर में भी एक खौफनाक वारदात सामने आई है. जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मार डाला. हत्या के बाद लाश ठिकाने लगाने का प्लान बनाया. दोनों ने लाश को एक बोरे में भर लिया. बोरे को बाइक पर रखकर सुनसान स्थान पर पहुंचे और उसमें आग भी लगा दी. हालांकि सीसीटीवी कैमरे में तस्वीरें कैद होने के बाद पकड़े गए. जयपुर के मुहाना के भीड़भाड़ वाले इलाके में एक जगह नहीं कई जगह ये बोरा ले जाते सीसीटीवी में कैद हुए. दोनो शव लेकर सुनसान जगह पहुंचे और आग लगा दी. दोनों भूल गए कि रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरो में तस्वीरें कैद हो गई हैं. सबूत मिटाने की कोशिश नाकाम हुई और पुलिस ने दोनों को दबोच लिया.


डीसीपी साउथ दिगंत आनंद ने बताया कि 16 मार्च को मुहाना थाने क्षेत्र में रिंग रोड के पास एक डेड बॉडी पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा तो डेडबॉडी आधी जली हुई थी. मुहाना पुलिस की टीम ने कुछ ही घंटों बाद मृतक की शिनाख्त कर ली. मृतक का नाम धन्नालाल सैनी था. वह मूल रूप से सवाई माधोपुर का रहने वाला था. अपनी पत्नी के साथ जयपुर में रहकर वह हटवाड़े में सब्जी की दुकान लगाता था. सब्जी बेचकर वह अपने परिवार का गुजारा कर रहा था. रिंग रोड स्थित नेवटा पुलिया के पास डेड बॉडी पड़ी हुई थी. वहां पहुंचने वाले सारे रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. दूर तक सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो एक बाइक पर एक युवक पीछे बैठी महिला और बीच में रखा बड़ा सा बोरा दिखाई दिया. पूरा रूट पुलिस ने ढूंढ निकाला. बाइक पर प्लास्टिक का बोरा पकड़े बैठी महिला गोपाली देवी मृतक धन्नालाल सैनी की पत्नी थी. पुलिस ने गोपाली देवी से पूछताछ की तो वो कुछ नहीं बता रही थी. बाद में उसे सीसीटीवी फुटेज दिखाया तो वह चौंक गई. उसने हत्या करने और लाश ठिकाने लगाने की पूरी कहानी पुलिस को बता दी.
