हरियाणा के पानीपत शहर के थाना सेक्टर-29 क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पति, सास-ससुर और ननंदों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और पति के अन्य महिला से अवैध संबंध होने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मध्यस्थता केंद्र की रिपोर्ट के आधार पर पति सहित 6 ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

निकाह के कुछ दिन बाद शुरू हुई प्रताड़ना
पीड़िता, जो पानीपत के नांगलखेड़ी क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि उसका निकाह अगस्त 2024 में उत्तर प्रदेश के शामली निवासी युवक के साथ हुआ था। निकाह में उसके परिजनों ने करीब 3 लाख रुपए खर्च किए और दहेज दिया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष ने उसे कम दहेज का ताना देना शुरू कर दिया।

बाइक और सोने के जेवर की मांग
आरोप है कि ससुरालियों ने नई बाइक, ससुर के लिए सोने की चेन और सास-ननंदों के लिए सोने की अंगूठियों की मांग की। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई और इलाज तक नहीं कराया गया। सितंबर 2024 में उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद पंचायत के हस्तक्षेप से वह दोबारा ससुराल लौटी।

पति पर अवैध संबंध और आपराधिक गतिविधि के आरोप
पीड़िता ने बताया कि दिसंबर 2024 में उसके पति को गांजा बेचने के आरोप में जेल भेजा गया था, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का खुलासा हुआ। जमानत पर बाहर आने के बाद उसका व्यवहार और आक्रामक हो गया।
फरवरी 2025 में उसने पति के मोबाइल में एक अन्य महिला के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें देखीं। विरोध करने पर उसके साथ फिर मारपीट की गई और धमकी दी गई कि पति दूसरी महिला से निकाह कर लेगा।

जमानत के लिए पैसे की मांग, फिर घर से निकाला
जनवरी 2025 में ससुराल पक्ष ने पति की जमानत के लिए मायके से 50 हजार रुपए लाने का दबाव बनाया। बड़ी मुश्किल से पीड़िता के पिता ने 20 हजार रुपए दिए।
आरोप है कि अप्रैल 2025 में पति उसे बिना बताए दूसरी महिला के साथ दिल्ली में रहने लगा और ससुरालियों ने पीड़िता को मारपीट कर मायके छोड़ दिया। अब उसे धमकी दी जा रही है कि बिना दहेज की मांग पूरी किए ससुराल आई तो जान से मार देंगे।

मध्यस्थता विफल, पुलिस जांच शुरू
मामला पहले महिला परामर्श केंद्र और फिर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्यस्थता केंद्र भेजा गया था, लेकिन सुलह नहीं हो सकी। 5 मई को पुलिस ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!