हरियाणा के पलवल शहर के मुख्य बाजार में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की चाकू और सुआ से गोदकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सुबह 4 बजे हुआ विवाद, फिर हत्या
शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद के अनुसार, आरोपी सुरेश और उसका 19 वर्षीय छोटा भाई विक्रम राजस्थान के पाली जिले के रहने वाले थे। दोनों पिछले करीब एक साल से पलवल के दरबार कुंआ के पास किराए के कमरे में रहकर सोने की गलाई का काम करते थे।
बुधवार सुबह करीब चार बजे दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर सुरेश ने चाकू और सुआ से हमला कर विक्रम की हत्या कर दी।

हत्या के बाद बाजार में घूमता रहा आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ देर तक मुख्य बाजार में घूमता रहा। इस दौरान उसने आसपास के लोगों को भी बताया कि उसने अपने भाई की हत्या कर दी है। इसके बाद वह खुद शहर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया। आरोपी सुरेश को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

हत्या के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
मकान मालिक और स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी बिना किसी डर के बाजार में घूमता रहा। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!