हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति को इंटरनेशनल नंबर से कॉल कर 30 लाख रुपए की फिरौती मांगने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने कॉल के दौरान परिवार की पूरी जानकारी होने का दावा कर पीड़ित को दहशत में डाल दिया।

देर रात आया पहला कॉल
शिकायतकर्ता के मुताबिक, वह मिट्टी का काम करता है और उसके पास तीन डंपर हैं, साथ ही खेतीबाड़ी भी करता है। उसके दो बेटे हैं—एक कनाडा में रहता है और दूसरा पढ़ाई कर रहा है।
1 और 2 मई की रात करीब 2 बजे उसके मोबाइल पर इंटरनेशनल नंबर से लगातार कॉल आई। फोन उठाने पर दूसरी तरफ एक युवक था, जिसने परिवार की पूरी जानकारी होने का दावा किया।

“हर गतिविधि पर नजर, पैसे नहीं दिए तो अंजाम भुगतोगे”
आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि उसे पता है कि उसका एक बेटा विदेश में है और दूसरा घर पर। उसने यह भी कहा कि पीड़ित का घर गांव से बाहर है और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए 30 लाख रुपए की मांग की और पैसे न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दावा किया कि कुछ दिन पहले गांव में हुई फायरिंग भी उसी ने करवाई थी।

सुबह फिर आया कॉल, पैसे का इंतजाम करने को कहा
पीड़ित के अनुसार, 2 मई की सुबह करीब 10:35 बजे दोबारा कॉल आई। फिर 10:42 बजे आरोपी ने दोबारा फोन कर पैसे का इंतजाम करने को कहा और बताया कि रात को कॉल कर आगे की जानकारी देगा।
आरोपी ने चेतावनी दी कि अगर पुलिस को बताया तो परिवार को खत्म कर दिया जाएगा।

परिवार में दहशत, पुलिस से सुरक्षा की मांग
लगातार मिल रही धमकियों से पूरा परिवार सहमा हुआ है। पीड़ित ने कॉल हिस्ट्री और वॉयस रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस में शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है।

केस दर्ज, जांच शुरू
घरौंडा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी सब इंस्पेक्टर देवेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!