अमेरिका के इंडियाना राज्य के प्लेनफील्ड इलाके में 12 मई को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के करनाल निवासी युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय प्रवीन निवासी शिव कॉलोनी, करनाल के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ जब वह रेड लाइट पर अपनी डिलीवरी गाड़ी लेकर खड़ा था। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि प्रवीन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस भिजवा दिया।

तीन साल पहले गया था अमेरिका

परिजनों के अनुसार प्रवीन करीब तीन साल पहले बेहतर भविष्य और परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए अमेरिका गया था। वहां वह Amazon में डिलीवरी का काम करता था। बताया गया है कि अमेरिका जाने के लिए उसने 30 से 35 लाख रुपए तक का कर्ज लिया था। कुछ समय बाद उसे नौकरी मिल गई थी और वह नियमित रूप से काम कर रहा था।

प्रवीन परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और एक बहन हैं। बेटे की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

रेड लाइट पर खड़ा था, तभी हुआ हादसा

मृतक के मामा चरणजीत ने बताया कि 12 मई की सुबह प्रवीन डिलीवरी के लिए निकला था। वह प्लेनफील्ड में क्वेकर बुलेवार्ड और स्टाउट हेरिटेज पार्कवे के चौराहे पर रेड लाइट होने के कारण रुका हुआ था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार आई और उसकी डिलीवरी गाड़ी को टक्कर मार दी।

दो अन्य लोग भी घायल

हादसे में दो अन्य लोग भी घायल बताए जा रहे हैं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव मोर्चरी में रखा गया है और परिजन अमेरिका से आगे की प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!