हरियाणा के भिवानी जिले के गांव निगाना में दर्दनाक सड़क हादसे में नेपाल निवासी एक बाइक सवार की मौत हो गई। ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में घायल हुए व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही तोशाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान नेपाल के जिला सिरोह के गांव जिझोल निवासी 42 वर्षीय देव नंदन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देव नंदन करीब एक महीने पहले ही रोजगार की तलाश में भिवानी के गांव निगाना खुर्द आया था। यहां वह एक क्रैशर पर खाना बनाने का काम करता था।
मृतक के भाई श्यामो ने बताया कि देव नंदन किसी काम से बाइक पर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
देव नंदन अपने पीछे चार बच्चों का परिवार छोड़ गया है, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
तोशाम थाना के जांच अधिकारी प्रेम ने बताया कि ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की टक्कर की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। उनके आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
