अंबाला निकाय चुनाव से पहले बड़ा पारिवारिक और राजनीतिक विवाद सामने आया है। भाजपा मेयर प्रत्याशी अक्षिता सैनी के पति कुलदीप सैनी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कुलदीप ने दावा किया कि अक्षिता ने नामांकन पत्र में पिता का नाम भरा, लेकिन पति के कॉलम में उनका नाम खाली छोड़ दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दोनों का तलाक नहीं हुआ, तो ऐसा क्यों किया गया।
कुलदीप सैनी ने अक्षिता द्वारा लगाए गए दहेज उत्पीड़न, मारपीट और शोषण के आरोपों को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि अक्षिता ससुराल में रहती ही नहीं थीं, तो शोषण कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव सम्मान और मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए, किसी की छवि खराब करके नहीं।
कुलदीप ने यह भी आरोप लगाया कि शादी से पहले अक्षिता की कुछ स्वास्थ्य समस्याएं उनसे छिपाई गई थीं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने उन्हें स्वीकार किया और सात साल तक खुश रखा। उन्होंने कहा कि उनके पास दोनों की कई पुरानी तस्वीरें और सेल्फी मौजूद हैं।
कुलदीप ने बताया कि वह खुद भी जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अक्षिता मेयर बनकर जनता की सेवा करें और वह जिला पंचायत सदस्य बनकर सेवा करेंगे, लेकिन पारिवारिक विवाद को राजनीति में नहीं लाना चाहिए।
उन्होंने मानवाधिकार आयोग और कोर्ट प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर वह पति नहीं हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों हो रही है। कुलदीप ने खुद को समर्पित अध्यापक बताते हुए कहा कि कोर्ट-कचहरी के बजाय वह अपना समय बच्चों की शिक्षा में लगाना चाहते हैं।
