रोहतक के सोनीपत स्टैंड स्थित एक फास्ट फूड कैफे में मंगलवार दोपहर अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि रसोई में रखा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, कैफे संचालक जतिन ने अपनी दुकान में रसोई के लिए एक्सटेंशन बोर्ड लगा रखा था। दोपहर के समय खाना बनाते वक्त अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। आग लगते ही रसोई में काम कर रहा कुक बाहर भाग निकला और कैफे में मौजूद ग्राहक भी तुरंत बाहर निकल गए। इसी दौरान सिलेंडर में धमाका हो गया, जिससे आग और भड़क गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को लगाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास की दुकानों के शीशे टूट गए। वहीं, कैफे में तीन अन्य गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे, जिनके फटने का खतरा बना हुआ था। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने जोखिम उठाते हुए इन सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
कैफे के साथ ही एक हड्डी अस्पताल भी स्थित है, जहां उस समय मरीज भर्ती थे। आग और धमाके के बाद अस्पताल प्रशासन ने एहतियातन मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट करना शुरू कर दिया।
सोनीपत स्टैंड क्षेत्र में लघु सचिवालय, कोर्ट और अन्य सरकारी कार्यालयों के साथ एक गर्ल्स कॉलेज भी स्थित है, जिसके चलते इलाके में हमेशा भीड़ रहती है। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर एक तरफ का रास्ता भी बंद कर दिया गया।
सिविल लाइन थाना के एसएचओ महेंद्र सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन कैफे को भारी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
