रोहतक के रिठाल गांव में छोटे भाई की पत्नी की हत्या के मामले में रोज नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतका प्रवेश के पति सुखबीर और उसके जेठ जसबीर, दोनों की दो-दो शादियां हो चुकी हैं। प्रवेश, सुखबीर की दूसरी पत्नी थी, जबकि उसकी पहली पत्नी की जलकर मौत हो गई थी। इस मामले में सुखबीर, जसबीर और उनके पिता रणधीर को पहले जेल भी जाना पड़ा था, हालांकि बाद में तीनों को कोर्ट ने बरी कर दिया।
इसी तरह, जसबीर की पहली पत्नी की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसके मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था, लेकिन वह बाद में बरी हो गया। गांव में उसकी दूसरी पत्नी की मौत को लेकर भी चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस के पास इस संबंध में कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है। फिलहाल आरोपी जसबीर फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की पांच टीमें लगी हुई हैं।
19 अप्रैल को दरात से वार कर प्रवेश की हत्या की गई थी। बताया जा रहा है कि जसबीर, प्रवेश के पड़ोसियों के घर पर आयोजित लेडीज संगीत में उसके डांस करने से नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, जसबीर की शादी सोनीपत की रहने वाली एक युवती से हुई थी। अप्रैल 2003 में उसकी पत्नी की मौत हो गई। जसबीर पर ही गला घोंटने के आरोप लगे। मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कुछ समय जेल में रहने के बाद वह जमानत पर बाहर आ गया और अक्टूबर 2004 में कोर्ट ने उसे इस मामले में बरी कर दिया।
जसबीर के छोटे भाई सुखबीर की पहली शादी जींद की एक युवती से हुई थी, जिसकी बाद में जलकर मौत हो गई। इस मामले में भी जसबीर की संलिप्तता के आरोप लगे। युवती के मायके वालों की शिकायत पर पुलिस ने सुखबीर, जसबीर और उनके पिता रणधीर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। अगस्त 2008 में पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन कुछ समय बाद वे जमानत पर बाहर आ गए। करीब एक साल बाद, यानी 2009 में, कोर्ट ने तीनों को इस मामले में भी बरी कर दिया।
एक ग्रामीण ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि जसबीर ने दूसरी शादी भी की थी। उसकी पत्नी छह माह की गर्भवती थी, लेकिन उसकी भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि, इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं हुआ और आरोप है कि परिवार ने इसे दबा दिया।
साल 2010 में सुखबीर की शादी गद्दी खेड़ी निवासी प्रवेश के साथ हुई। शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। प्रवेश के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष उसे परेशान करने लगा था। इस मामले में कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन बेटी का घर बसाने की उम्मीद में परिजन हर बार उसे ससुराल वापस भेज देते थे।
गद्दी खेड़ी गांव निवासी सोमदास ने बताया कि उनकी बहन प्रवेश की शादी 16 साल पहले रिठाल गांव के सुखबीर के साथ हुई थी। उसका पति सुखबीर खेती करता है। 19 अप्रैल की रात प्रवेश के पड़ोस में लेडीज संगीत का कार्यक्रम था, जहां उसने डांस किया। घर लौटने पर उसके जेठ जसबीर ने दरांत से उस पर बेरहमी से वार कर उसकी हत्या कर दी।
सोमदास ने आगे बताया कि रात करीब दस बजे भांजे हितेश ने फोन कर सूचना दी कि उसकी मां जमीन पर खून से लथपथ पड़ी है और ताऊ जसबीर उस पर हमला कर फरार हो गया है। इसके बाद परिवार के लोग प्रवेश को लेकर पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चचेरे भाई राकेश ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने साजिश के तहत प्रवेश की हत्या की। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को परिवार को सोनीपत में भात भरने जाना था। उस समय जसबीर ने प्रवेश को जाने से मना करते हुए धमकी दी थी कि अगर वह गई तो उसे जान से मार देगा। इसके बावजूद प्रवेश वहां गई, जिससे जसबीर रंजिश रखे हुए था। राकेश ने कहा कि प्रवेश को बेहद बेरहमी से मारा गया, इस तरह तो कोई मुर्गे को भी नहीं काटता।
सदर थाना SHO सुरेंद्र कुमार ने बताया कि रिठाल फोगाट गांव में छोटे भाई की पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस जल्द ही आरोपी जसबीर को काबू कर लेगी। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

