रोहतक, 22 अप्रैल : उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन शहरवासियों को शुद्ध व पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने के प्रति कृत संकल्प है। शहर में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न परियोजनाएं स्वीकृत करवाई गई है। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ इन परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में शहर में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए तैयार की गई विभिन्न परियोजनाओं पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे शहर के सभी जल घरों को भरना सुनिश्चित करें। शहर में कुल पांच जलघर है, जिनमें से आईडीसी स्थित जलघर का हाल ही में निर्माण करवाया गया है तथा यह जल घर ट्रायल रन पर है। शहर में स्थित चारों जलघरों में स्टोरेज क्षमता का लगभग 25 प्रतिशत जल स्टोर है तथा नहर में पानी उपलब्ध है। शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए विभिन्न स्थानों पर 22 बूस्टिंग स्टेशन भी कार्यरत है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि साढ़े 16 करोड़ रुपये की लागत से एक परियोजना स्वीकृत करवाई गई है, जिसके तहत शहर में लगभग 45 किलोमीटर पेयजल पाइप लाइन डाली जायेगी। इसमें शहर में क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइन को बदलने तथा आवश्यकता अनुसार नई पाइप लाइन डालने का प्रावधान है। यह परियोजना पूर्ण होने के बाद शहर में शुद्ध पेयजल आपूर्ति में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बोहर गांव में जल भंडारण के लिए साढे 15 एकड़ भूमि चिन्हित कर सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है तथा इसके अतिरिक्त तिलियार झील की 15 एकड़ भूमि में जल भंडारण का प्रस्ताव भी मुख्यालय भिजवाया गया है।
सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा एक अन्य परियोजना को सरकार से स्वीकृत करवाया गया है। शहर में स्थित सबसे पुराने प्रथम जलघर के पुराने ढांचे के स्थान पर 27 करोड़ रुपये की लागत से नया ढांचा तैयार किया जायेगा तथा नया स्टोरेज टैंक का निर्माण भी करवाया जायेगा। इस स्टोरेज टैंक का निर्माण होने से इस जलघर की क्षमता में वृद्धि होगी तथा लगभग अढ़ाई दिन क्षमता का अधिक पानी भंडारण किया जा सकेगा। इसके अतिरिक्त स्थानीय सोनीपत सडक़ के साथ-साथ जलघर तक आने वाले खुले वाटर चैनल के स्थान पर 4500 मीटर लंबी 900 एमएम की नई पाइप लाइन बिछाई जायेगी तथा इस पाइप लाइन के माध्यम से पानी को पंपों के माध्यम से जलघर तक पहुंचाया जायेगा। इस अवसर पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता शिवराज, कार्यकारी अभियंता संदीप सिंह मौजूद रहे।




