पानीपत जिले के राक्सेड़ा गांव के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 महीने की गर्भवती महिला और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है।

मृतका की पहचान हथवाला गांव निवासी 23 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रीति अपने पति संदीप जांगड़ा के साथ बाइक पर गन्नौर दवा लेने जा रही थीं। इसी दौरान राक्सेड़ा गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार रेत से भरे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि प्रीति कई फीट दूर जा गिरीं और डंपर के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई। वहीं संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए समालखा के सरकारी अस्पताल भेज दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से यमुना से अवैध रेत खनन किया जा रहा है, जिसके चलते तेज रफ्तार डंपर सड़कों पर दौड़ते हैं और लगातार हादसे हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार एसडीएम, डीसी और स्थानीय विधायक को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!