हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 22 जिलों में शहरी निकाय चुनाव को लेकर जिला पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है। यह पर्यवेक्षक अधिकतर राजस्थान से हैं। 22 में से 20 राजस्थान के एक्स एमएलए, एमएलए और कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी हैं, जबकि दो यूपी कांग्रेस के पदाधिकारी हैं।
कांग्रेस महासचिव डॉ अजय चौधरी ने बताया कि हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल के निर्देशानुसार हरियाणा में होने वाले शहरी निकाय चुनाव को लेकर जिला पर्यवेक्षक की नियुक्ति की गई है। यह पर्यवेक्षक मौजूदा हालात की समीक्षा करेंगे और हरियाणा कांग्रेस प्रभारी विवेक बंसल व हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा को फीडबैक देंगे।
हरियाणा कांग्रेस महासचिव डॉ. अजय चौधरी ने बताया कि गुरुग्राम के लिए रफीक खान, पानीपत के लिए रूकक्षमणी कुमारी, महेंद्रगढ़ के लिए गोपाल बहेरी, करनाल के लिए सुभाष गांधी, सोनीपत के लिए संतोष प्रताप सिंह, झज्जर के लिए शंकर डांगैच, चरखी-दादरी के लिए विकास व्यास, रेवाड़ी के लिए हर सहाय यादव, सिरसा के लिए शोभा सोलंकी, फतेहाबाद के लिए सीताराम अग्रवाल, पलवल के लिए हीरालाल अग्रवाल, नूंह के लिए अब्दुल हफीज जयपुरी, कुरुक्षेत्र के लिए वेद प्रकाश शर्मा, कैथल के लिए प्रशांत शर्मा, जींद के लिए राजेश चौधरी, पंचकूला के लिए चंदन सिंह राजपुरोहित, भिवानी के लिए नीलम बिड़ला, अंबाला के लिए बुरा राम सिरवी,रोहतक के लिए दिलीप चौधरी, यमुनानगर के लिए आरसीसराधना , फरीदाबाद के लिए जोगिंदर अवाना और हिसार के लिए शिशुपाल राजपुरोहित को जिला पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
कांग्रेस ने दिल्ली में नगर निकाय चुनाव को लेकर मीटिंग की थी। मीटिंग में निकाय चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ने पर चर्चा की गई, परंतु इस पर सहमति नहीं बनी। क्योंकि सभी नेता एकमत नहीं थे। मीटिंग में सभी नेताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने के निर्देश दिए गए। बता दें कि प्रदेश में 51 नगर परिषद व नगर पालिका के चुनाव होने हैं।
