कैथल में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की अंबाला इकाई ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के सीवन कार्यालय में तैनात एलडीसी संदीप कुमार को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोलर सब्सिडी से जुड़ी फाइलों को मंजूरी दिलाने और बिजली मीटर जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप लगाकर यह कार्रवाई की।
सोलर फाइल पास कराने के लिए मांगे थे 5 हजार रुपये
शिकायतकर्ता, उज्ज्वल भारत सोलर पावर फर्म के प्रोपराइटर ने एसीबी अंबाला को बताया कि उसके दो ग्राहकों के सोलर पैनल लगने के बाद संबंधित फाइलों को मंजूरी देने और बिजली मीटर आवंटित कराने के लिए एलडीसी संदीप कुमार 5 हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांग रहा था। शिकायत की पुष्टि होने पर एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई।
रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
एसीबी की टीम सीवन स्थित यूएचबीवीएन कार्यालय पहुंची और ट्रैप के दौरान आरोपी एलडीसी को 5 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए अपने साथ ले जाया गया।
कार्यालय में मचा हड़कंप
विजिलेंस की कार्रवाई के बाद बिजली निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया। कर्मचारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाते नजर आए। आरोपी संदीप कुमार कैथल के मॉडल टाउन का रहने वाला बताया गया है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस मामले में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका तो नहीं है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
एसीबी ने इस मामले में एसवी एंड एसीबी थाना, अंबाला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसीबी इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई। अब पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
