हरियाणा के रोहतक जिले के महम क्षेत्र में शादी के बाद पहली बार ससुराल से मायके आई 18 वर्ष की युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। युवती मायके व ससुराल पक्ष से मिले लाखों के गहने सहित 20 हजार रुपए भी ले गई है। लड़की मायके आकर अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई, इसके बाद अभी तक नहीं लौटी है। युवती के पिता ने थाना महम में शिकायत देकर बेटी की गुमशुदगी का केस दर्ज कराया है। पुलिस युवती की तलाश कर रही है।

महम थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी लापता युवती के पिता ने पुलिस को बताया है कि एक माह पहले उन्होंने अपनी दो बेटियों की शादी हिसार के एक गांव में की थी। शादी के बाद परंपरा के अनुसार दोनों बेटियों को वे घर ले आए थे। यहां से दो माह बाद दोनों बेटियों को फिर से ससुराल जाना था। इस बीच 21 दिसंबर को छोटी बेटी घर से बिना बताए कहीं जाने के लिए तैयार हुई। पूर्व में वह घर से बाहर आती-जाती रहती थी, इसलिए परिजनों को कोई शक नहीं हुआ। देर शाम तक जब बेटी नहीं लौटी तो उसकी तलाश की गई। इसके बाद घर की महिलाओं ने बताया कि वह अपने साथ गहने और 20 हजार रुपए भी ले गई है।

युवती के पिता का कहना है कि छोटी बेटी के गायब होने से उन्हें अपनी बड़ी बेटी के जीवन की चिंता होने लगी है। कहीं इस मामले से उसका घर भी न बिखर जाए। मामले में जांच अधिकारी हेड कॉन्सटेबल निर्माला देवी का कहना है कि युवती की गुमशुदगी में केस दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही है। युवती के पास कोई फोन भी नहीं है, इसलिए उसकी लोकेशन निकालना मुश्किल है। पुलिस ग्रुपों पर सूचना प्रसारित की जा रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!