पाकिस्तान ने लगातार दूसरी रात जम्मू-कश्मीर के चार इलाकों में गोलाबारी की। इसमें कुपवाड़ा, बारामूला, उरी और अखनूर शामिल हैं। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इससे पहले भारत ने मंगलवार आधी रात 1:05 बजे पाकिस्तान और PoK में एयर स्ट्राइक की। इसमें 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए। हमले में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद चीफ मौलाना मसूद अजहर की फैमिली के 10 सदस्य और 4 सहयोगी मारे गए। भारत ने 24 मिसाइलें दागीं।
भारत ने जवाबी कार्रवाई पहलगाम हमले के 15 दिन बाद की और इसका नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखा। यह नाम उन महिलाओं को समर्पित है, जिनके पतियों की पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकियों ने हत्या कर दी थी।
PM मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए तीनों सेनाओं की तारीफ की। ऑपरेशन सिंदूर पर कहा कि यह नया भारत है। पूरा देश हमारी ओर देख रहा था। यह तो होना ही था।
उधर, भारत की एयरस्ट्राइक जवाब में पाकिस्तान की ओर से पुंछ में LoC पर बुधवार को की गई फायरिंग में 15 लोगों की मौत हो गई।
वहीं, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान की संसद में कहा कि भारत ने कायराना हमला किया, हम इसका बदला लेंगे।
