बीकानेर। ऑपरेशन सिंदूर के तहत आज भारत ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला ले लिया है। आज रात 1 बजे के बाद से ही इंडियन एयरफोर्स के विमान राजस्थान के बॉर्डर एरिया में गर्जना करने लगे थे। पाकिस्तान पर हुए एयर स्ट्राइक के बाद अब इसके सबूत राजस्थान के गावों से आने शुरू हुए हैं। बीकानेर जिले में किसान के खेत में मिसाइल का कवर मिला है।

मिल रही जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक के लिए भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान बीकानेर जिले के खाजूवाला से उड़ान भरे थे। बताया जा रहा है कि इस एयर स्ट्राइक में राफेल लड़ाकू विमान का इस्तेमाल किया गया। रात को हुई एयर स्ट्राइक के बाद सुबह बीकानेर जिले के बंधनाऊ गांव से करीब 15 फीट लंबा मिसाइल का कवर मिला है।

बताया जा रहा है कि कि गांव बंधनाऊ के रामप्रसाद जोशी के खेत में सुबह मिसाइल का खोल लोगों को दिखा, जिसके बाद इसे देखने वालों की भीड़ लग गई। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यहां रात को तेज चमक दिखाई दी थी और कई धमाके हुए। लोगों का कहना है कि बंधनाऊ, मोमासर, उदरासर, सुरनजसर आदि कई गांवों के लोगों ने इन धमाकों को सुना।

रात में अचानक मिसाइल धमाकों की आवाज सुनने के बाद लोग रात में ही एक दूसरे को फोन करके जानकारी लेने लगे। अब सुबह मिसाइल का कवर किसान के खेत से मिला है। बताया जा रहा है कि इस एयर स्ट्राइक में हवा से जमीन पर मार करने वाली मिसाइलों का प्रयोग किया गया। लोगों का कहना है कि प्रशासन को सूचना दे दी गई है, सेना से जुड़े अधिकारी घटनस्थल पर पहुंचकर आगे का एक्शन लेगें।

भारत की तरफ से पाकिस्तान पर किए गए एयर स्ट्राइक में कई आतंकी अड्डों को निशाना बनाया गया। फिलहाल, इस हमले में पाकिस्तान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी सटीक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन पाकिस्तान से सोशल मीडिया पर आ रहे वीडियो में तबाही के मंजर जरूर नजर आ रहे हैं।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!