पंजाब के अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल परिसर में बनी सराय में हरियाणा के युवक ने लोहे की रॉड से श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। इस दौरान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के सेवादारों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने उन्हें भी रॉड से मारा।

इसके बाद और सेवादार इकट्‌ठा हुए और उसे काबू कर लिया। हमले में 5 सेवादार और श्रद्धालु घायल हो गए। घटना शुक्रवार दोपहर बाद की है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर ने कहा कि आरोपी 3 दिन पहले घर से निकला था। उसके बाद आरोपी कहां रहा और किस-किस से मिला, इसके बारे में जांच की जा रही है।

वहीं इस घटना के बाद गोल्डन टेंपल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस भी अलर्ट रखी गई है। SGPC ने श्रद्धालुओं से शांत रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर की इस घटनाक्रम के पीछे क्या मंशा थी और क्या यह सुनियोजित हमला था।

पुलिस के मुताबिक यमुनानगर का रहने वाला जुल्फान 2-3 दिन पहले ही अमृतसर आया था। शुक्रवार दोपहर बाद वह गोल्डन टेंपल परिसर में पहुंचा। जहां अचानक वह दूसरी मंजिल पर स्थित सराय में घुस गया। उसके हाथ लोहे की रॉड थी।

इस दौरान वहां खड़े SGPC के सेवादार जसबीर सिंह ने उसे रोका। इस पर आरोपी ने सेवादार पर ही हमला कर दिया। इसके बाद दूसरे सेवादारों और श्रद्धालुओं ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह सबको रॉड से मारता रहा। उसके हमले से 4 सेवादार और 1 श्रद्धालु घायल हो गया। बाद में सेवादारों ने उसे पकड़ लिया। उसकी जमकर पिटाई की गई और फिर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि युवक ने हमले की योजना कब और कैसे बनाई, इसके बारे में पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। हमला करने में युवक ने जिस रॉड (सरिया) का इस्तेमाल किया, वो उसने सराय के पास ही चल रही कंस्ट्रक्शन से उठाया था। इसी सरिये से उसने हमला किया है।

तीन दिन पहले ही घर से झगड़कर अमृतसर आ गया था। जब उसके परिवार से संपर्क किया गया तो आरोपी के भाई ने जानकारी दी कि उसका अपनी पत्नी व भाई के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। 3 दिन पहले ही आरोपी परिवार से झगड़ा कर घर छोड़ निकल गया था। उसके बाद परिवार से कोई संपर्क नहीं है।

ACP जसपाल सिंह ने जानकारी दी कि SGPC के कुछ सेवादार और श्रद्धालु भी इस झड़प में घायल हुए हैं। आरोपी के घर भी संपर्क किया गया। जहां से जानकारी मिली कि वह दो-तीन दिन से घर से अमृतसर के लिए निकल गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

हमले में घायल लोगों को अमृतसर के गुरु रामदास अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह अस्पताल SGPC द्वारा संचालित है। डॉ. जसप्रीत सिंह ने बताया कि पांच घायल मरीजों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। उसे कई टांके लगाए गए हैं और स्थिर होने के बाद सीटी स्कैन किया जाएगा। बाकी चार घायलों की स्थिति ठीक है

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!