हिसार में शनिवार तड़के बाइक, स्कूटी और कारों में अचानक आग लग गई। इसका पता तब चला जब धमाके होने लगे। इस पर लोग दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। साथ ही फायर ब्रिगेड और डायल 112 पर सूचना दी।
इस दौरान लोगों ने 2 कारों के शीशे तोड़े और उन्हें पीछे धकेल दिया। इससे ये कारें जलने से बच गईं, लेकिन 3 कारों और 11 बाइक व स्कूटी को नहीं बचा पाए। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
ये सभी वाहन बिल्डिंग के बाहर लोगों ने खड़े कर रखे थे। जली कारों में i-20, स्विफ्ट और वेन्यू गाड़ी शामिल है। i-20 कार तो व्यक्ति ने अभी 4 महीने पहले ही खरीदी थी। 45 से 50 लाख रुपए तक का नुकसान बताया जा रहा है। अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लोग बोले- ये किसी की शरारत हो सकती है।
हिसार में DC एमसी कॉलोनी में स्थित सिल्वर अपार्टमेंट के बाहर सुबह करीब पौने 5 बजे स्कूटी में आग लग गई। स्कूटी की आग ने पास में खड़ी कारों और बाइकों को चपेट में ले लिया। इस दौरान गाड़ियों के टायर फटने लगे। धमाकों की आवाज पर लोग उठे और मौके पर पहुंचे।
मौके पर पहुंचे पुलिस जांच अधिकारी कपिल ने बताया कि दो बुलेट बाइक, तीन स्कूटी, 5-6 अन्य बाइक और गाड़ियों में आग लगी थी। आग किस कारण से लगी है, इसका अभी पता नहीं लग पाया है। आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिसे चेक करने के बाद ही पता लग पाएगा।

