हरियाणा के रोहतक के गांव गरनावठी में 20 वर्षीय युवक पर उसके गांव के ही दो लोगों ने गोली चला दी। हमलावर युवक के पड़ोसी ही हैं। गोली लगने से घायल हुए युवक को पीजीआई रेफर किया गया है। हमलावर फरार हैं। पुलिस परिजनों के बयान के बाद जांच में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक रोहतक के गांव गरनावठी निवासी साहिल (20) बुधवार शाम गांव की गली से घर की ओर जा रहा था। गली में दूसरी ओर से बाइक पर आए दो पड़ोसी उस पर गोली चलाकर भाग गए। गोली साहिल की बाएं जांघ में लगी। परिजन उसे निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे, वहां से उसे पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया है। पीजीआई में साहिल का इलाज किया जा रहा है। हमलावार वारदात के बाद से ही फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
बाइक सवार युवकों ने साहिल पर गोली क्यों चलाई है अभी इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और परिजन अभी ज्यादा बातचीत करने से बच रहे हैं। मामले में कलानौर थाना पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
