रोहतक शहर में सड़क हादसे में डिस्कस थ्रो के नेशनल चैंपियन जतिन ढाका (17) की मौत हो गई है। डिस्कस थ्रो में अंडर-16 में नैशनल चैंपियन रहा खिलाड़ी शादी समारोह से अपने भाई व अन्य 2 ग्रामीणों संग स्विफ्ट कार में लौट रहा था कि पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में खिलाड़ी व एक अन्य ग्रामीण बुरी तरह घायल हो गए। खिलाड़ी जतिन ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे युवक का इलाज चल रहा है।

जतिन 2019 में डिस्कस थ्रो की अंडर-16 स्पर्धा का राष्ट्रीय चैंपियन रहा है। उसे मार्च माह में फ्रांस में होने वाले वर्ल्ड स्कूल गेम में भाग लेने जाना था। इस संबंध में कलानौर थाना पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का मामला दर्ज किया है। मृतक के भाई ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

रोहतक के गांव गुढाण निवासी सन्नी से मिली जानकारी के अनुसार वह और उसका भाई जतिन ( 17) एक दोस्त की बहन की शादी में गांव सांजखास के लिए स्विफ्ट कार से गए थे। गांव के 2 युवक अमन व मोहन भी उनकी ही कार में बैठे थे। वहां से लौटते वक्त खैरडी मोड से कलनौर की ओर सरस्वती इंस्टिटयूट के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।

इससे कार गड्‌डे में गिरकर पलट गई। हादसे में उनके भाई जतिन व अमन को गंभीर चोटें आईं। वहीं उन्हें और मोहन को भी चोटें आईं। उन्होंने व मोहन ने घायल जतिन व अमन को एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। वहां से भाई जतिन को पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया। पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

हादसे में घायल खिलाड़ी के ही गांव के अमन की हालत गंभीर बनी हुई है। टक्कर मारकर गए वाहन का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। मामले में थाना कलानौर पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही वह गिरफ्त में होगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!