हरियाणा में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में आंधी, बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी समेत 7 जिलों में बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 4 जून को भी हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं 6 जून तक मौसम का यह बदलाव बना रहने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में एक दिन पहले की तुलना में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सिरसा में सबसे अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि नारनौल में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव से 6 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और हवाओं की दिशा में भी बदलाव देखने को मिलेगा। पहला पश्चिमी विक्षोभ 3 जून और दूसरा 4 जून को पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा।

डॉ. खीचड़ ने बताया कि पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके आंशिक प्रभाव से 6 जून तक हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में बीच-बीच में मध्यम से तेज गति की हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की भी संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में मध्यम से तेज बारिश भी हो सकती है। हालांकि, दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!