रोहतक, 13 अक्टूबर। जिला में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, भालौठ में आकर्षक मानव रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष कुमार ग्रोवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनीष कुमार ग्रोवर व अन्य सभी मेहमानों ने स्कूल परिसर में पौधारोपण भी किया।
मुख्य अतिथि मनीष ग्रोवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने में आज के युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। उन्होंने कहा कि जब आज के विद्यार्थी 20, 25 और 30 वर्ष की आयु में पहुंचेंगे, तब भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होगी। इसलिए विद्यार्थियों को अभी से देश की प्रगति में योगदान देने की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
  मनीष ग्रोवर ने प्रधानमंत्री के ‘मेरा भारत, विकसित भारत-2047’ के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश की विकास यात्रा का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी अपनाने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने का आह्वान किया और कहा कि दैनिक जीवन में स्वदेशी विचारों को अपनाकर हर नागरिक राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई मानव रंगोली की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और मेहनत सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस रंगोली की सराहना प्रदेश स्तर पर भी होगी। उन्होंने स्कूल प्रबंधन, प्राचार्य, स्टाफ और विद्यार्थियों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मनजीत मलिक ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और विकसित भारत के सपने को लेकर विद्यार्थियों से अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, वरिष्ठ नेता  सतीश नांदल, चेयरमैन  खुशी राम हुड्डा, सुखबीर चंदोलिया, ओमप्रकाश बागड़ी, सर्व शिक्षा विभाग की जिला परियोजना अधिकारी सुमन हुड्डा, उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता चहल सहित स्कूल स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!