रोहतक के सेक्टर-4 एक्सटेंशन में एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मारपीट की पूरी घटना मौके पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
घायल सोहनलाल पुत्र किताब सिंह निवासी जींद हाल किराएदार सेक्टर-4 एक्सटेंशन ने बताया कि प्रवेश पुत्र जोगेंद्र से एक लाख रुपए ब्याज पर लिए थे। जिसके बाद ब्याज सहित दो लाख रुपए प्रवेश को वापस भी कर दिए, लेकिन प्रवेश उससे दो लाख रुपए ओर मांग रहा है। आरोपी द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
सोहनलाल ने बताया कि आरोपी प्रवेश ने कुछ दिन पहले व्हाट्सएप कॉल की और गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपी द्वारा धमकी मिलने के बाद वह डर गया और परिवार के लोग भी डरे हुए थे, क्योंकि आरोपी प्रवेश कई बार धमकी दे चुका था।
सोहनलाल ने बताया कि वह सुबह घर के बाहर मां संतोष देवी के साथ बैठा हुआ था। तभी एक गाड़ी उनके घर के बाहर आकर रुकी और उसमें से दो युवक उतरे। दोनों ने चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे और उनके हाथों में लाठी डंडे थे। युवकों ने गाड़ी से उतरते ही उसके ऊपर हमला कर दिया।

सोहनलाल ने बताया कि आरोपियों को देखकर वह भागने लगा तो उसके पीछे दोनों आरोपी दौड़े। आरोपियों ने उसके सिर में डंडा मारा, जिसके कारण वह जमीन पर गिर गया। दोनों आरोपियों ने उसे घेरते हुए लाठी डंडे मारे और जान से मारने के लिए गाड़ी से पिस्टल निकालने के लिए बोल रहे थे। तभी वह मौका पाकर दूसरी गली में भाग गया।
थाना अर्बन एस्टेट के जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि एक युवक के साथ मारपीट होने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जल्द की आरोपी को काबू कर लेगी।
