गुरुग्राम। गुरुग्राम के गढ़ी लेबर चौक से 23 वर्षीय युवक का अपहरण करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसे सफेद क्रेटा कार में जबरन बैठा लिया था और हिसार की ओर ले जा रहे थे। हांसी-बरवाला रोड पर अचानक सामने गाय आने से कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसी दौरान मौका पाकर युवक कार से निकलकर भागने में कामयाब रहा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय नितिन निवासी पथराव, जिला महेंद्रगढ़ और 19 वर्षीय खुश उर्फ मंजीत निवासी मारौत, झज्जर के रूप में हुई है। पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 की टीम ने दोनों को हिसार से गिरफ्तार किया है।

लेबर चौक से युवक को जबरन गाड़ी में डाला

पुलिस के अनुसार, गढ़ी निवासी 23 वर्षीय विक्की उर्फ रोनी सेल्समैन की नौकरी करता है। 7 अक्टूबर को शाम करीब 6 बजे वह अपने दोस्त से मिलने गढ़ी लेबर चौक गया था। रात करीब 10 बजे उसके पिता को दोस्त का फोन आया। दोस्त ने बताया कि सफेद क्रेटा में सवार 5-6 युवक विक्की के साथ मारपीट कर उसे जबरन गाड़ी में डालकर ले गए हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस चौकी सेक्टर-93 को जानकारी दी गई। परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-10 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

हांसी में गाय से टकराई कार, भाग निकला युवक

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विक्की को कार में बंधक बनाकर हिसार की ओर ले जा रहे थे। हांसी-बरवाला रोड पर अचानक गाय सामने आने से तेज रफ्तार क्रेटा उससे टकरा गई और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

कार रुकते ही विक्की ने मौका देखा और दरवाजा खोलकर वहां से भाग निकला। इस तरह उसकी जान बच गई।

नौकरी को लेकर पुरानी रंजिश का मामला

जांच के अनुसार, अपहरण के पीछे सेल्समैन के काम को लेकर पुराना विवाद बताया जा रहा है। विक्की उर्फ रोनी और उसके दोस्त सचिन का कुछ महीने पहले प्रिंस और नितिन नाम के युवकों से झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते विक्की को धमकियां दी जा रही थीं और बदला लेने के लिए अपहरण की योजना बनाई गई।

तीन दिन के रिमांड पर आरोपी

एसीपी क्राइम नवीन शर्मा के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो डंडे बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रिंस और अन्य साथियों के बारे में जानकारी मिली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!