हरियाणा में मानसूनी हवाओं की सक्रियता लगातार बनी हुई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विज्ञान विभाग और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD चंडीगढ़) के अनुसार, आज (रविवार को) प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

एचएयू के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून टर्फ की अक्षय रेखा की उत्तरी सीमा अनूपगढ़, दिल्ली, सीधी, डिगा से होती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके साथ ही पंजाब के ऊपर एक चक्रवातीय सर्कुलेशन बना हुआ है।

इस मानसूनी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में 10 अगस्त तक मानसूनी हवाएं पूरी तरह से सक्रिय रहेंगी और तेज हवाओं के साथ ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम व कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश होगी। रविवार को भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी और यमुनानगर में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, हिसार, जींद, सिरसा, फतेहाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और मेवात में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 10 अगस्त के बाद मानसून ट्रफ दक्षिण की ओर थोड़ा नीचे जाने की संभावना बन रही है जिससे सक्रियता में कमी आने की संभावना है। आज और कल हवाओं व गरज चमक के साथ ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना बन रही है। परंतु 11 व 12 अगस्त को राज्य में आंशिक बादल व कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान बीच बीच में बादलवाई रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट परंतु रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!